बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर दिखाई दे रहा

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर दिखाई दे रहा है। जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (NCORD) की बैठक में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में कई अहम निर्णय लिए गए, वहीं मिलावटी पेट्रोल बेचने के मामले में जोगी पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है।

बलरामपुर-रामानुजगंज में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की मासिक बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल और वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम बनाने का निर्णय लिया। टीम को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। शैक्षणिक संस्थानों के पास दुकानों का निरीक्षण कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।

जनजागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। बिना लाइसेंस चल रहे क्लीनिक, दवा दुकान और झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई की जाएगी। अनुविभागीय अधिकारियों को निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने जांच नाकों पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए। अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रहेंगे। इससे वाहनों की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।

बलरामपुर में पेट्रोल पंप को खाद्य विभाग ने किया सील बलरामपुर के चांदो रोड स्थित जोगी पेट्रोल पंप में मिलावटी ईंधन की शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। सोमवार रात कुछ ग्राहकों को अपने वाहन में पेट्रोल में पानी मिलने का संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत खाद्य विभाग को सूचित किया।

खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पेट्रोल में मिलावट की पुष्टि होने पर विभाग ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया। जिला खाद्य अधिकारी विजय भूषण कुजूर ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

पेट्रोल पंप द्वारा आम जनता के साथ धोखाधड़ी करने और मिलावटी ईंधन बेचने का मामला सामने आया है। विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।