रायपुर के पंडरी थाना के कांपा-डब्ल्यूआरएस रोड पर हुई कारोबारी चिराग जैन (27) से लूट की कहानी झूठी निकली। कारोबारी से पूछताछ के बाद पुलिस ने फर्जी लूट केस का खुलासा किया है।
पुलिस की जांच में पता चला कि कारोबारी ने शेयर बाजार (MCX) में काफी पैसा गंवा दिया था और कर्जदारों से बचने के लिए लूट की नकली कहानी गढ़ी। पुलिस अब कारोबारी के खिलाफ झूठी शिकायत करने का केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
कारोबारी ने दर्ज कराई थी लूट की रिपोर्ट
रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने सिविल लाइन के पुलिस कंट्रोल रुम में कारोबारी फर्जी लूट केस का खुलासा करते हुए बताया कि कारोबारी चिराग जैन (27) ने सोमवार को पंडरी थाना में 15 लाख रुपए के लूट होने की शिकायत की थी। कारोबारी ने पुलिस को बताया था कि वह रोजाना कांपा, मंडी गेट से होकर देवेंद्र नगर स्थित अपनी दुकान जाता है।
कारोबारी ने इस तरह बनाई लूट की झूठी कहानी
उसने बताया कि सोमवार को वह पांच दिन का कलेक्शन, करीब 15 लाख रुपए लेकर दुकान जा रहा था। मोवा ओवरब्रिज के नीचे से गुजरते हुए जैसे ही मंडी गेट फाटक के पास पहुंचा, पीछे से तीन लुटेरे बाइक पर आए और ओवरटेक कर उसकी कार रोक दी।
कारोबारी ने बताया कि एक लुटेरा नकाब पहने था, जबकि दो बिना नकाब के थे। इनमें से दो कार के पास आए और बात करने के बहाने जैसे ही कारोबारी ने शीशा नीचे किया, उन्होंने हाथ डालकर कार का लॉक खोल लिया। इसके बाद गाड़ी में बैग में रखे कैश और हाथ में पहनी दाे अंगूठी लेकर फरार हो गए थे।
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने कारोबारी के घर से लेकर घटनास्थल तक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज की जांच के दौरान कारोबारी के अनुसार, बताए गए लुटेरे नहीं दिखे, तो पुलिस का संदेह गहराया। जांच अधिकारियों ने कारोबारी से दोबारा पूछताछ की, तो वो बयान बदलने लगा।
पुलिसकर्मियों ने कारोबारी पर सख्ती की, तो टूट गया और झूठी लूट की कहानी बनाने की बात स्वीकारी। कारोबारी की निशानदेही पर पुलिस ने पैसे भी बरामद कर लिए हैं।
100 से ज्यादा कैमरों में नहीं दिखे आरोपी तो गहराया शक
वारदात की सूचना मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने वालफोर्ट सिटी से लेकर मंडी गेट तक 100 से ज्यादा कैमरों की जांच की। इन कैमरों की जांच के बाद संदेही नहीं दिखे। कारोबारी की बैंक डिटेल पुलिस ने खंगाली, तो बीते कई दिनों से बड़ा ट्रांजेक्शन भी नहीं दिखा। इन सब बिंदुओं के आधार पर कारोबारी से एसीसीयू की टीम ने दोबारा पूछताछ तो उसने लूट न होने की बात स्वीकारी।
कारोबारी पर दर्ज किया जाएगा केस
एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि कारोबारी की रिपोर्ट पर जांच की तो शिकायत झूठी निकाली। अब चिराग जैन के खिलाफ झूठी शिकायत करने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में केस दर्ज किया जाएगा।