राहुल गांधी के चुनावों में धांधली के दावों के बीच प्रदेश युवा कांग्रेस ने रात राजधानी रायपुर में मशाल रैली निकाली

Chhattisgarh Crimesराहुल गांधी के चुनावों में धांधली के दावों के बीच प्रदेश युवा कांग्रेस ने बुधवार रात राजधानी रायपुर में मशाल रैली निकाली। छत्तीसगढ़ निर्वाचन कार्यालय को घेरने युवा कांग्रेस की रैली की शुरुआत राजीव गांधी चौक से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस मशाल रैली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने भी हिस्सा लिया। रैली जैसे-जैसे मोतीबाग तक बढ़ी, वहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रैली को रोक लिया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी हुई।

PM मोदी की वोट चोरी की पोल राहुल गांधी ने खोली: उदयभानु

रैली के दौरान उदयभानु ने कहा, पीएम मोदी की वोट चोरी की सच्चाई राहुल गांधी ने पकड़ ली है। उन्होंने कहा कि महादेवपुरा असेंबली सीट पर साफ-साफ पता चला गया है कि किस तरह से वोट चोरी करके भाजपा सरकार में आई है।

उन्होंने आगे कहा, अगर भाजपा को थोड़ी-सी भी शर्म है तो उन्हें गद्दी छोड़ देनी चाहिए। इसे एक्सपोज करने के लिए युवा कांग्रेस और कांग्रेस हर जगह प्रदर्शन कर रही है।

भाजपा पार्षद भी नहीं जीत सकती, वोट चुराकर बना ली सरकार: आकाश शर्मा

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि देश में अब तक की सबसे बड़ी वोट चोरी सामने आई है। उन्होंने कहा, हमारे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में आज हजारों युवा सड़कों पर उतरे हैं, क्योंकि हमारा वोट चोरी किया गया है। भाजपा की सरकारें फर्जीवाड़े के सहारे चल रही हैं, चाहे वो केंद्र में हो या राज्यों में।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। हम गली-गली जाकर जनता को बताएंगे कि कैसे नरेंद्र मोदी और भाजपा ने वोट चुराए। अब कांग्रेस का यह आंदोलन लगातार चलता रहेगा।

आकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास पार्षद का चुनाव जीतने की भी ताकत नहीं है, इसलिए ये लोग वोट चुराकर सत्ता में आते हैं। यह लोकतंत्र की सीधी हत्या है।