छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिले में जवानों ने मुठभेड़ में 2 नक्सलियों को मार गिराया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिले में जवानों ने मुठभेड़ में 2 नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों पर 1 करोड़ 16 लाख का इनाम था। पुलिस ने घटना स्थल से हथियार और शव बरामद कर लिए हैं। मुठभेड़ मदनवाड़ा थाना इलाके में हुई है।

मारे गए नक्सलियों की पहचान विजय रेड्डी उर्फ सुगुलूरी चिनन्ना उर्फ नगन्ना उर्फ शंकर (DKSZCM) और लोकेश सलामे उर्फ हरसिंग (DVCS) के रूप हुई है। विजय पर छत्तीसगढ़ में 25 लाख समेत 90 लाख का इनाम था। जबकि लोकेश पर छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र में 26 लाख का इनाम था।

वहीं, बीजापुर जिले के माटवाड़ा- कुटरू सड़क पर माओवादियों के लगाए IED की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। इस दौरान पुलिस-नक्सलियों के बीच फायरिंग भी हुई। इसके अलावा, पामेड़ के उड़तामल्ला के जंगल में बने नक्सली स्मारक को जवानों ने ध्वस्त कर दिया गया।

अब जानिए मोहला-मानपुर में कैसे हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, बुधवार (13 अगस्त) को जिला पुलिस बल और ITBP की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। कांकेर से सपोर्टिंग टीम मौके पर थी, तभी उत्तर बस्तर कांकेर की सीमा से सटे बंडा पहाड़ पर शाम करीब 5 बजे नक्सलियों ने फायरिंग खोल दिया।

जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायरिंग की। भारी बारिश के बावजूद जवानों ने ऑपरेशन जारी रखा। दोनों तरफ से लगातार गोलीबारी हुई। सर्चिंग के दौरान दोनों के शव बरामद हुए। यह बंडा पहाड़ 2004-05 में नक्सलियों का प्रमुख ठिकाना था।

बंडा पहाड़ पर छुपकर रह रहे थे नक्सली

मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के SP यशपाल सिंह ने बताया कि, विजय रेड्डी और लोकेश सलामे एके-47 हथियार लेकर चलते थे। ये दोनों कांकेर जिले के कई इलाकों में लंबे समय से सक्रिय थे। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण दोनों नक्सली पहले अबूझमाड़ के बॉर्डर चले गए थे।

वहां भी दबाव बढ़ने पर कांकेर जिले की सीमा से लगे मानपुर जिले के बंडा पहाड़ पर शरण ली थी। मानपुर पुलिस को लोकेशन मिलने पर डीआरजी टीम ने कार्रवाई की। विजय के खिलाफ 37 अपराध दर्ज थे। जबकि लोकेश पर पर 26 अपराध दर्ज थे। घटना स्थल से ए इंसास राइफल, एक 303 राइफल, कारतूस और रेडियो बरामद किया गया है।

बीजेपी में IED ब्लास्ट में जवान जख्मी

इधर, बीजापुर जिले के माटवाड़ा- कुटरू सड़क पर नक्सलियों के लगाए IED की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। गुरुवार (14 अगस्त) को इंद्रावती एरिया में एंटी नक्सल ऑपरेशन के लिए DRG की टीम बाइक और पिकअप से निकली थी। इस दौरान पुलिस-माओवादियों के बीच फायरिंग भी हुई। मामला जांगला थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि, घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है। उसे भैरमगढ़ CHC में प्राथमिक इलाज के लिए लाया गया। पुलिस पार्टी को निशाना बनाने के मकसद से नक्सलियों ने ब्लास्ट किया है। बैकअप पार्टियां मौके के लिए रवाना हो गई है।

संयुक्त टीमें अभियान पर निकली थी

वहीं, पामेड़ थाना इलाके के उड़तामल्ला के जंगल में बने नक्सलियों स्मारक को जवानों ने ध्वस्त कर दिया गया। गुरुवार सुबह कोबरा 208, केरिपु 228 और जिला सुकमा से कोबरा 203 की संयुक्त टीमें अभियान पर निकली थी।

बड़े चट्टानों के बीच छिपाकर रखा विस्फोटक-हथियार

जवानों ने घटना स्थल से भरमार बंदूक, बीजीएल राउंड, रॉड, बीजीएल पार्ट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री (PEK, यूरिया, इलेक्ट्रिक वायर), एन्युएशन पोच, कई आकार के प्रेशर कुकर (10 लीटर, 5 लीटर, 3 लीटर), आरी ब्लेड, स्पीकर बरामद किया है l

6 अगस्त को 1 नक्सली हुआ था ढेर

इससे पहले, बीजापुर जिले में 6 अगस्त को जवानों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर किया था। मारे गए नक्सली का शव और हथियार बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि फोर्स ने नक्सलियों को घेर कर रखा था। वहीं बीजापुर में एनकाउंटर के डर से एक महिला नक्सली समेत 9 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। 9 नक्सलियों में से 6 नक्सलियों पर 24 लाख रुपए का इनाम घोषित था।