छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि BJP विधायकों के नाम 2 विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट में हैं। इनमें विधायक राजेश मूणत और संपत अग्रवाल का नाम शामिल है। मूणत का नाम रायपुर पश्चिम और रायपुर उत्तर दोनों विधानसभा क्षेत्रों की लिस्ट में है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि बसना विधायक संपत अग्रवाल का नाम भी बसना और रायपुर दक्षिण दोनों की वोटर लिस्ट में शामिल है। संपत अग्रवाल के साथ ही उनके परिवार के लोगों का नाम भी दोनों विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज है। चुनाव में धांधली और वोट चोरी के आरोप लगाए हैं।
विकास बताया कि दोनों विधायकों के पास डबल EPIC नंबर हैं। उम्र भी अलग-अलग है। कुछ में फोटो नहीं हैं। करीब 18 सीटों पर गड़बड़ी की आशंका है। इसकी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने इसके दस्तावेज जारी कर दोनों विधायकों की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा और कांग्रेस नेता गिरीश दुबे मौजूद थे।
वहीं कांग्रेस के आरोपों पर दैनिक भास्कर ने बसना से बीजेपी विधायक संपत अग्रवाल से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सवाल सुनने के बाद जवाब नहीं दिया, उन्होंने फोन काट दिया। दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो संपर्क नहीं हो पाया।
राजेश मूणत के नाम पर 2 इपिक नंबर, उम्र भी अलग-अलग
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने बताया कि राजेश मूणत के नाम पर दो EPIC नंबर हैं। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद वार्ड की वोटर लिस्ट में EPIC नंबर NHU2317188 है। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा वार्ड की वोटर लिस्ट में GDH0373019 है। दोनों वोटर आईडी में उम्र भी अलग-अलग है।
संपत अग्रवाल और उनके परिवार के लोगों का डबल-डबल इपिक नंबर
कांग्रेस ने बताया कि बसना से भाजपा विधायक संपत अग्रवाल का नाम दो विधानसभा क्षेत्रों में है। उम्र भी अलग-अलग है। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भक्तमाता कर्मा वार्ड की मतदाता सूची के अनुसार, EPIC नंबर SLT1550227 है, जबकि बसना विधानसभा क्षेत्र के डॉ. अंबेडकर वार्ड की मतदाता सूची में EPIC नंबर WNI0236323 है।
5 विधानसभाओं में 5 हजार से भी कम वोटों से जीते,
कांग्रेस ने बताया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच महज 4 प्रतिशत वोट का अंतर रहा है। 90 में से करीब 5 सीटों पर भाजपा 5000 से भी कम वोटों से जीती। इनमें कांकेर में 16 वोट, अंबिकापुर 94 वोट, पत्थलगांव 255 वोट, पाली-तनाखार 714 वोट और भरतपुर-सोनहत में 4919 वोटों से जीते। 15 हजार से कम वोटों से जीत की अंतर वाली 18 सीटें हैं। हमें वहां गड़बड़ी की आशंका है।