छत्तीसगढ़ के महासमुंद में नेशनल हाईवे 353 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के महासमुंद में नेशनल हाईवे 353 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तुमगांव ओवर ब्रिज के पास टैंकर की चपेट में आने से 72 साल के दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नयापारा वार्ड नंबर 7 निवासी मारुति राव के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मारुति राव थोक सब्जी मंडी में काम करते थे। वे अपनी तीन पहिया स्कूटी (CG 06 GB 9576) से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बागबाहरा की तरफ से आ रहे टैंकर (TN 56 K 5799) ने उन्हें टक्कर मार दी।

मौके पर मौजूद लोगों ने टैंकर चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। टैंकर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया।

ओवर ब्रिज पर आवाजाही की समस्या

स्थानीय लोगों के अनुसार, तुमगांव ओवर ब्रिज पर भारी वाहनों का आवागमन जटिल है। रायपुर की ओर से आने वाले वाहनों को ब्रिज पार करने में कई बार मैन्युवर करना पड़ता है। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। यहां कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जो तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित कर सके।