छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने पिता-बेटा को गिरफ्तार किया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चपले की रहने वाली 43 वर्षीय विमला पटेल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका एक मकान चपले के डीपापारा में है, जिसे उन्होंने किराए पर दिया है। उसी मकान के पास ओमशंकर पटेल का भी घर है।
विमला पटेल के अनुसार, ओमशंकर और उसके पिता जोहित राम पटेल के साथ पहले भी जमीन की सीमा को लेकर कई बार विवाद हो चुका है। 18 अगस्त की शाम को विमला का पति पुरुषोत्तम पटेल और उनके जेठ कमल प्रसाद पटेल (55 वर्ष) मकान के सामने मेन गेट लगवा रहे थे।
तभी ओमशंकर और उसके पिता जोहित राम वहां पहुंचे और गेट लगाने से मना करते हुए झगड़ा करने लगे। इस दौरान जोहित राम बेटे ओमशंकर को मारने के लिए उकसाने लगा। गुस्से में ओमशंकर अपने दुकान से चाकू ले आया और कमल प्रसाद पटेल के पेट में चाकू से वार कर दिया। इससे कमल प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरेापियों को जेल भेजा गया घटना के बाद तत्काल उसके परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई। ऐसे में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी जोहित राम और उसके पिता ओमशंकर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड में जेल भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।