
जानकारी के मुताबिक, जामढोढ़ी निवासी युवक सुलेश मरावी (32 वर्ष) गुरुवार दोपहर को अपनी मां, बहनोई और बेटे के साथ नहाने के लिए घर से करीब 200 मीटर दूर कोटछाल जलाशय में गया था। नहाने के दौरान सुलेश मरावी की चप्पल बहकर पानी में चली गई। वह चप्पल निकालने के लिए घुसा और गहरे पानी में डूब गया।
24 घंटे बाद जलाशय से निकाला गया शव युवक को डूबता देख युवक के बहनोई ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। सूचना पर सीतापुर थाना प्रभारी गौरव पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम भी गांव में पहुंची और युवक की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन शाम तक युवक का पता नहीं चला।
रात में एसडीआरएफ की टीम गांव में रुकी रही। शुक्रवार सुबह से उसकी खोजबीन शुरू की गई। दोपहर में उसके शव को एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। शव को निकालकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए सीतापुर भेज दिया है।
मौके पर जनपद अध्यक्ष संतोषी पैकरा, डीडीसी निर्मल कुजूर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। युवक के घर में मातम पसर गया है। परिजनों ने बताया कि वह तैरना नहीं जानता था। चप्पल निकालने के दौरान वह खुद गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बारिश के कारण जलाशय लबालब भरा हुआ है।