कांकेर जिले में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून चलाया जाएगा। SP इंदिरा कल्याण एलेसेला ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बारिश की समस्याओं को दूर करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
मानसून के दौरान नदियां उफान पर रहती हैं और जंगलों में कई चुनौतियां पैदा होती हैं। जवानों को इन सभी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। मानसून के बीच अभियान दोगुनी गति से चलाया जाएगा ताकि नक्सलियों को आसानी से परास्त किया जा सके।
बसव राजू के मारे जाने से नक्सली नेतृत्वविहीन
कांकेर में नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। शीर्ष नेता बसव राजू के मारे जाने से संगठन नेतृत्वविहीन हो गया है। उत्तर बस्तर कांकेर में भी नक्सलियों को कड़ी चोट पहुंची है।
प्रदेश में पहली बार कांकेर से शुरू हुए सफल ऑपरेशन के बाद नारायणपुर और बीजापुर में भी इसी तरह के अभियान चलाए गए हैं।
SP एलेसेला ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के लिए 26 मार्च 2026 की डेडलाइन तय की गई है। इसी के तहत पुलिस विभाग नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है।
गृहमंत्री शाह ने नक्सलियों को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अब चर्चा का समय नहीं है। नक्सलियों को या तो हथियार डालकर आत्मसमर्पण करना होगा या फिर परिणाम भुगतने होंगे। यह आत्मसमर्पण का सबसे उचित समय है।