मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति चिंताजनक हो गई है। आपातकालीन कक्ष और मरीज वार्ड की छत से पानी टपक रहा है। मरीजों को टपकते पानी के बीच इलाज कराना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि न तो अस्पताल प्रबंधन की कोई जिम्मेदारी दिख रही है, और न ही सुविधाओं में कोई सुधार हो रहा है।
इस मामले में सीएमएचओ डॉक्टर अविनाश खरे ने कहा कि अस्पताल अधीक्षक को स्थिति सुधारने का निर्देश दिया जा चुका है। वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर स्वप्निल तिवारी ने बताया कि उनके पास मरम्मत कराने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने निर्माण कार्य के लिए सीजीसीएमसी (छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन) को प्रस्ताव भेज दिया है। स्वीकृत मिलने के बाद ही मरम्मत का काम शुरू किया जा सकेगा।