रामानुजगंज में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया

Chhattisgarh Crimesरामानुजगंज में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र की प्रमुख कन्हर नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। एनीकट से ऊपर से पानी बह रहा है और नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। इधर, नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।

कन्हर नदी का जल स्तर जशपुर, कुसमी और चांदो क्षेत्र में हुई बारिश से और बढ़ने की संभावना है। इससे वार्ड क्रमांक 13, 14 और 15 में स्थिति चिंताजनक हो सकती है। पानी फकीरवा नाले के रास्ते इन वार्डों में प्रवेश कर सकता है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ घरों में पानी घुसने का खतरा है।

एक माह पहले आई बाढ़ में कन्हर नदी का पानी महामाया मंदिर की सीढ़ियों तक पहुंच गया था। राम मंदिर से शिव मंदिर तक का रास्ता भी बाधित हो गया था। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

Exit mobile version