
पुलिस ने शनिवार को फाफाडीह में घेराबंदी कर हरियाणा के तस्कर के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। आरोपियों से तलाशी के दौरान 27.58 ग्राम मेथिलीनडायऑक्सी (एमडीएमए) मिला है। इन्हीं से फैशन डिजाइनर महिला की जानकारी मिली। लेकिन वो पुलिस को चकमा देकर भाग गई है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मूलत: हरियाणा हिसार निवासी मोनू विश्नोई (24) ड्रग्स तस्कर है। वह शनिवार को ट्रेन से एमडीएमए लेकर रायपुर पहुंचा। वो फाफाडीह के पास ड्रग्स देने पहुंचा। उसने महिला फैशन डिजाइनर को फोन लगाया। पहले वह खुद ड्रग्स लेने के लिए जाने वाली थी, लेकिन उसने अपने करीबी हर्ष आहूजा (23) कटोरा तालाब और दीप धानोरिया (41) को भेजा। दोनों 85 हजार रुपए लेकर गए थे। जब ड्रग्स ले रहे थे तभी पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने फैशन डिजाइनर के बारे में पूछा तो हर्ष ने जानकारी नहीं होने की बात कहीं।
पुलिस ने डिजाइनर के घर पर छापा मारा, वहां भाग गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। तीनों के मोबाइल को जांच के लिए साइबर लैब भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मोनू के कई बार ड्रग्स लेकर रायपुर आ चुका है। वह पार्सल छोड़कर तुरंत रायपुर से छोड़ देता। वह नागपुर की ट्रेन पकड़कर लौटता। वो दिल्ली व पंजाब के बड़े तस्करों से जुड़ा हुआ है।
हेरोइन के बाद एमडीएमए का रैकेट पुलिस ने हेरोइन के बाद एमडीएमए का रैकेट पकड़ा है। इसका अलग नेटवर्क चल रहा है। ज्यादातर एमडीएमए महाराष्ट्र और दिल्ली के रास्ते रायपुर में आ रहा है। यह भी हेरोइन के तरह महंगा ड्रग्स है। इसका भी नशा करने वाले बड़ी संख्या में रायपुर के अलावा राज्यभर में हैं। फरार फैशन डिजाइनर के पकड़े जाने के बाद ही रायपुर का नेटवर्क टूटेगा। 30 साल की डिजाइनर खुद भी ड्रग्स लेती है।
वह नाइट पार्टियों का भी आयोजन करती है। इन्हीं पार्टियों में वह ड्रग्स की सप्लाई करती है। महिला कई बड़े होटल कारोबारी व इवेंट कंपनी वालों से जुड़ी है। वह ज्यादातर ड्रग्स की सप्लाई बड़े घरों की लड़कियों को करती है।
हेरोइन की तस्करी, महिला गिरफ्तार पुलिस ने कुछ दिन पहले हीरापुर इलाके में हेरोइन की तस्करी करने वाले गिरोह को पकड़ा था। इस मामले में फरार महिला तस्कर हरप्रीत कौर उर्फ हैप्पी (23) को गिरफ्तार किया है। वह खुद भी नशा करती और पुड़िया छोड़ने भी जाती है। वह मनमोहन सिंह उर्फ जग्गू के लिए काम करती है। इसके लिए उसे पैसे मिलते थे। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक टिकरापारा, कोतवाली, कबीरनगर और गंज इलाके में 35 से ज्यादा ड्रग्स तस्करों को पकड़ा है। उनसे 2 करोड़ का ड्रग्स जब्त किया गया है।