छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में छात्र की पिटाई करने वाले अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त होगी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में छात्र की पिटाई करने वाले अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त होगी। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने स्कूल समिति को तीन दिन के अंदर अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिए है। जबकि सर्व आदिवासी समाज ने मामले में जांच टीम बनाई है।

दरअसल, यह पूरा मामला 21 अगस्त का है। कोटाडोल उच्चतर माध्यमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक महेंद्र प्रजापति ने 11वीं कक्षा के छात्र शुभकरण कुजूर जूता नहीं पहनने पर छड़ी से मारा था। मामला पहले कोटाडोल थाने पहुंचा, लेकिन शिक्षक के माफी मांगने के बाद शिकायत दर्ज नहीं हुई।

फोटो वायरल होने के बाद स्कूल पहुंची थी जांच टीम

22 अगस्त को सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद भरतपुर BEO इस्माइल खान ने जांच टीम स्कूल भेजी। घटना के समय स्कूल प्राचार्य गुड्डुराम किस्पोट्टा मनेन्द्रगढ़ में ट्रेनिंग के लिए गए थे। प्राचार्य के अनुसार, छात्र के गुटखा खाकर दीवार पर थूकने को लेकर विवाद बढ़ा था।

जिला शिक्षा अधिकारी रामप्रसाद मिरे ने बताया कि जांच रिपोर्ट और आरोपी शिक्षक के कबूलनामे से स्पष्ट है कि कम्प्लीट ड्रेस नहीं पहनने पर छात्र के साथ मारपीट हुई। मामले में शाला प्रबंधक समिति को 3 दिन में अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने भी पूर्व विधायक गुलाब कमरो की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई है। यह टीम छात्र के घर और स्कूल जाकर मामले की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट समाज को सौंपी जाएगी।