छत्तीसगढ़ में सप्ताह भर लगातार बारिश के बाद मानसून की रफ्तार में ब्रेक लगा है। शुक्रवार को पूरे प्रदेश में सिर्फ 12.2 MM पानी ही बरसा। मौसम विभाग की माने तो अगले पांच दिनों तक दुर्ग, रायपुर और बस्तर में बारिश कम होगी। वहीं बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में अगले 4 दिन मध्यम से भारी बारिश होने संभावना है।
ओवरआल बात करें तो छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 362.1 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। रायगढ़ जिले में सबसे ज्यादा 518.3 मिमी पानी बरसा है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 174.9 मिमी बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग ने आज (शनिवार) रायपुर, बलौदा-बाजार, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, कोरिया सहित 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
लंबा रह सकता है मानसून
मानसून के केरल पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून है। इस साल 8 दिन पहले यानी 24 मई को ही केरल पहुंच गया था। मानसून के लौटने की सामान्य तारीख 15 अक्टूबर है। अगर इस साल अपने नियमित समय पर ही लौटता है तो मानसून की अवधि 145 दिन रहेगी। इस बीच मानसून ब्रेक की स्थिति ना हो तो जल्दी आने का फायदा मिलता सकता है।