ओडिशा टू मुंबई गांजा तस्करी में दुर्ग कनेक्शन. ओडिशा से लगातार गांजा की तस्करी मुंबई तक हो रही है। तस्कर छत्तीसगढ़ के रायपुर-दुर्ग होते हुए गांजा और ड्रग्स मुंबई पहुंचा रहे हैं। हाल ही में गांजा तस्करी के दौरान पकड़े गए मुंबई के दो युवकों ने पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारी दी है। दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज अपराध में पुलिस ने मुंबई निवासी साजिद अली (45) और शकील कुरैशी (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ 22 किलो गांजा जब्त किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि, दुर्ग निवासी राहुल तिवारी (29), जो कि दुर्ग के एक ट्रैवल्स एजेंसी में बस चेकर का काम करता है।
उसने उन्हें ओडिशा के रायगड़ा से कम दाम पर गांजा दिलवाया और मुंबई तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की थी। इसके एवज में राहुल को एक लाख रुपए कमीशन के रूप में ट्रांसफर किए गए थे। राहुल की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
ट्रेवल्स की भूमिका भी शक के दायरे में
आरोपियों से पुलिस की पूछताछ में इस बात की जानकारी मिल रही है कि, ओडिशा से सस्ते दामों में गांजा मंगवाने और दुर्ग से मुंबई सुरक्षित गांजा भेजने में बस चेकर राहुल तिवारी की भूमिका अहम है। बस चेकर होने के नाते लंबे समय से इस तरह का कृत्य किया जा रहा था। ऐसे में ओडिशा से आने वाली बसों और मुंबई जाने वाली बसों में इस तरह की तस्करी के एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
ट्रेन पकड़ने की बात कहकर भागने लगे तस्कर
मोहन नगर पुलिस स्टाफ शनिवार को दुर्ग-धमधा रोड स्थित सूर्या होटल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक बड़े पिट्ठू बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे नाम-पता पूछा तो वे गोलमोल जवाब देने लगे और ट्रेन पकड़ने की बात कहकर तेजी से दौड़ने लगे।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही बैगों को खोला। पुलिस ने गांजे का वजन कराया तो कुल 22 किलो पाया गया। गांजे को सीलबंद कर जब्त कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे यह गांजा ओडिशा से लेकर मुंबई जा रहे थे। थाना मोहन नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 468/2025 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
दुर्ग एएसपी सुखनंदन राठौर ने कहा कि, पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसमें दो आरोपी मुंबई और एक आरोपी दुर्ग का है। मौके पर पंचनामा कर 22 किलो गांजा जब्त किया है। नशे के विरुद्ध आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।