छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आज (सोमवार) प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज चमक के साथ बिजली गिर सकती है। तेज हवा चल सकती है। अगले 2 दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं एक से दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 60 MM बारिश तोंगपाल में हुई है। वहीं प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा बलरामपुर जिले में पानी बरसा है और सबसे कम बेमेतरा जिले में।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा पानी बरसा
प्रदेश में अब तक 1029 मिमी बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में अब तक 482.6 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है।
वहीं, बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा 1372.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 51% ज्यादा है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दिक्कत अभी बरकरार
पिछले हफ्ते उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हुई। बस्तर संभाग के 4 जिलों में कई पुल टूट गए, 200 से ज्यादा घर ढह गए। नदियां-नाले उफान पर आ गए और बाढ़ जैसे हालात बन गए। प्रशासन को राहत और बचाव कार्य चलाना पड़ा।
प्रभावितों को राहत शिविर में रखा गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य की ओर बढ़ रही है, लेकिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दिक्कतें अब भी बरकरार हैं।