छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बॉलीवुड फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ से आइडिया लेकर एक साइबर क्रिमिनल ने ठेकेदार से 25 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने फेसबुक पर महिला बनकर ‘हैलो, मैं पूजा बोल रही हूं’ कहकर ठेकेदार को झांसे में लिया। इमोशनली बातें कर पैसे ट्रांसफर कराए। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम करण साहू (29) है, जो बलौदाबाजार जिले के भाटापारा वार्ड क्रमांक-1 का रहने वाला है। करण ने ठेकेदार दीपक को अपने जाल में फंसाकर ठगी की। आरोपी ने कभी माता-पिता की तबीयत खराब होने, तो कभी खुद के MBBS में दाखिले का बहाना बनाकर पैसे लिए।
अब जानिए क्या है पूरा मामला, कैसे शुरू हुई कहानी?
दरअसल, बलौदाबाजार निवासी साइबर अपराधी ने 2023 में फेसबुक पर ‘पूजा साहू’ नाम से एक फर्जी आईडी बनाई। इसके बाद उसने ठेकेदार दीपक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। दीपक ने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली, जिसके बाद दोनों के बीच फेसबुक और वॉट्सऐप पर लगातार बातचीत होने लगी।
आरोपी करण साहू उर्फ ‘पूजा साहू’ ने धीरे-धीरे ठेकेदार को अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद उसने अलग-अलग नंबरों से वॉट्सऐप पर मैसेज भेजने शुरू किए। कभी माता-पिता की तबीयत खराब होने, कभी बहन के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन और कभी खुद के एमबीबीएस में दाखिले का बहाना बनाकर आरोपी ने पैसों की मांग की।
लगातार पैसे मांगने पर हुआ शक
आरोपी की बातों पर भरोसा कर ठेकेदार ने कई बार ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए। आरोपी ने कुल 25 लाख रुपए बैंक ट्रांसफर और फोन-पे के जरिए हड़पे। दीपक ने आरोपी को पैसे देने के लिए अपनी मां के गहने तक बेच डाले और कई लोगों से कर्ज भी लिया।
हालांकि, बार-बार पैसों की मांग से ठेकेदार को शक हुआ। उसने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच शुरू की। पता चला कि पूजा साहू नाम की कोई लड़की नहीं है, बल्कि असल में यह शख्स करण साहू नाम का युवक है। ठगी का एहसास होते ही ठेकेदार दीपक ने फौरन अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।