शारदीय नवरात्र को लेकर एक तरफ जहां दंतेवाड़ा में शक्तिपीठ मां दंतेश्वरी मंदिर में तैयारियां पूरी हो गई है, तो वहीं दूसरी तरफ इस बार ट्रैफिक को कंट्रोल करना भी पुलिस और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। क्योंकि फ्लड की वजह से बायपास मार्ग का पुल पूरी तरह से टूट चुका है। इस पुल को तुरंत बनाना संभव नहीं है।
शहर में अब बस स्टैंड से कटेकल्याण रोड, हॉस्पिटल के सामने से होते हुए गायत्री मंदिर चौक की सिंगल सड़क का लोड ज्यादा बढ़ेगा। ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन लोगों की आवाजाही के लिए इस रोड को खोलेगा।
वहीं, अपनी निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालु, बस, ट्रक और अन्य सवारी वाहनों की आवाजाही इसी सड़क से होगी। ऐसे में ट्रैफिक को कंट्रोल करना एक बड़ी चुनौती होगी।
40 प्रतिशत लोड होता था कम
दरअसल, सामान्य दिनों में भी ट्रकों की आवाजाही फरसपाल-चितालंका बायपास मार्ग से ही होती थी। शहर के बाहर से ट्रक चलती थी। जिससे शहर की ट्रैफिक में कोई असर नहीं पड़ता था।
वहीं नवरात्र के समय ट्रकों की आवाजाही पर ब्रेक लगता था। इसके साथ ही नवरात्र के समय यात्री बसें भी बस स्टैंड से यात्रियों को बिठाकर इसी बायपास रोड से जाती थी।
जिससे करीब 40 प्रतिशत लोड कम होता था। लेकिन अब पुल टूटने से सभी वाहन शहर के बीच से ही मुख्य मार्ग से गुजरेंगी।
ये होगा रुट चार्ट
बस स्टैंड से लेकर गायत्री मंदिर चौक तक दोनों तरफ बैरिकेड्स लगेंगे। यानी मंदिर के सामने से सड़क ब्लॉक रहेगी। वहीं सुकमा और किरंदुल-बचेली से आने वाली बसें पहले बस स्टैंड फिर यहां से SBI चौक से कटेकल्याण रोड, अस्पताल रोड होते हुए गायत्री मंदिर चौक के पास निकलेगी। इसी तरह गीदम की तरफ से आने वाली वाहन भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करेंगी।