छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर सोमवार को अबूझमाड़ के जंगलों में जवानों ने 40-40 लाख के 2 इनानी नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही मौके से AK-47, इंसास राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर बरामद किया है।
नारायणपुर पुलिस के मुताबिक मारे गए नक्सलियों की पहचान केंद्रीय समिति के सदस्य राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कोसा दादा उर्फ कदारी सत्यनारायण रेड्डी के रूप में हुई है। बस्तर IG पी सुंदर-राज ने मामले की पुष्टि की है।
अबूझमाड़ के जंगल में मारे गए नक्सली
दरअसल, नारायणपुर के अबूझमाड़, महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर टीम निकली थी। इस दौरान अबूझमाड़ के जंगल में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में 2 नक्सली मारे गए।
मुठभेड़ के बाद जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान मुठभेड़ वाली जगह से 2 नक्सलियों के शव, एके-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर, भारी मात्रा में विस्फोटक, नक्सली साहित्य और अन्य सामान बरामद किया गया है।
4 दिन पहले 4 नक्सली मारे
इससे पहले, 18 सितंबर को बीजापुर में 2 और गढ़चिरौली में 2 महिला नक्सली मारे गए थे। खुफिया इनपुट पर जवानों ने ऑपरेशन चलाया गया। एनकाउंटर में गंगालूर एरिया मिलिट्री कमांड सदस्य रघु हपका (33) और पार्टी सदस्य सुक्कु हेमला (32) मारा गया था। रघु पर 5 लाख और सुक्कु पर 2 लाख का इनाम था।
गरियाबंद में 11 सितंबर को 10 नक्सली मारे गए
वहीं गरियाबंद जिले में 11 सितंबर को जवानों ने एनकाउंटर में 5 करोड़ के 10 इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। इसमें डेढ़ करोड़ का इनामी नक्सली मोडेम बालाकृष्ण भी मारा गया। मोडेम बालाकृष्ण ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव था। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र के मटाल पहाड़ी में मुठभेड़ हुई।
मारे गए नक्सलियों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में केंद्रीय समिति के सदस्य मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्ण, ओडिशा राज्य समिति के सदस्य प्रमोद उर्फ पांडु, ओडिशा राज्य समिति के सदस्य विमल उर्फ मंगना समीर और पीपीसीएम रजीता शामिल थे।
इसके साथ ही टेक्निकल टीम PPCM अंजली, SDK ACM सीमा उर्फ भीमे, ACM विक्रम, डिप्टी कमांडर उमेश और बीबीएम डिवीजन PM बिमला शामिल थे। इनपर छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश सरकार ने 5 करोड़ 22 लाख का इनाम घोषित किया था।