छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक महिला की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील संदेश भेजने के मामले में 2 आरोपियों को सजा सुनाई गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने जय प्रकाश अग्रवाल और अमन गर्ग को दोषी पाया है। जांच में सामने आया कि जय प्रकाश के मोबाइल से फर्जी आईडी बनाई गई। इस आईडी का संचालन अमन गर्ग के मोबाइल से किया जा रहा था। पुलिस ने फेसबुक मुख्यालय कैलीफोर्निया से जानकारी मंगवाई। साथ ही सायबर सेल से तकनीकी परीक्षण भी कराया गया।
अदालत ने दोनों आरोपियों को आईटी एक्ट की धारा 66(डी) और भारतीय दंड संहिता की धारा 509(बी) के तहत दोषी करार दिया। दोनों को तीन-तीन साल का सश्रम कारावास और 20-20 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। इसके साथ ही पीड़िता को 20 हजार मुआवजा भी देना होगा। पीड़िता को देना होगा 20 हजार मुआवजा
कोर्ट ने आदेश दिया है कि जुर्माने की राशि में से 20 हजार रुपए पीड़िता को मुआवजे के रूप में दिए जाएं। घटना में इस्तेमाल किए गए दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। मामले में पीड़िता, गवाहों, सायबर प्रभारी और रायपुर पुलिस मुख्यालय के विशेषज्ञों के बयान दर्ज किए गए।