छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर गंभीर आरोप लगाए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर को तत्काल हटाने की मांग की है। कंवर ने चेतावनी दी है कि यदि कलेक्टर को नहीं हटाया गया, तो वह 4 अक्टूबर को रायपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे।

कंवर ने कलेक्टर अजीत वसंत पर “हिटलरशाही” तरीके से प्रशासन चलाने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर तीन दिन के भीतर कलेक्टर को हटाने की मांग की थी।

पूर्व मंत्री ने 400 महिला स्वसहायता समूहों और फर्जी मुआवजे के मामलों में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कलेक्टर का व्यवहार सही नहीं है और वह कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं।

4 अक्टूबर को सीएम दफ्तर के सामने धरने पर बैठेंगे पूर्व गृह मंत्री

एक वीडियो बयान में ननकीराम कंवर ने कहा, “हमने माननीय मुख्यमंत्री जी को सूचना दी थी। उस समय (तीन दिन में) धरना देना था, लेकिन नवरात्रि में व्यस्तता के कारण मैं 4 अक्टूबर को रायपुर में बैठूंगा।”

कंवर ने स्पष्ट किया है कि 4 अक्टूबर को रायपुर में उनका धरना अनिश्चितकालीन होगा। हालांकि, उन्होंने धरने की अवधि और इसमें शामिल होने वाले लोगों की संख्या को लेकर कोई निश्चित जानकारी नहीं दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जल्द ही कलेक्टर का स्थानांतरण कर सकते हैं।

ननकीराम कंवर की इस चेतावनी ने छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, क्योंकि उन्होंने अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है।

Exit mobile version