बिलासपुर के रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर में सप्तमी की रात बदमाशों ने 2 ठेका कर्मचारियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर में सप्तमी की रात बदमाशों ने 2 ठेका कर्मचारियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। कर्मचारियों ने युवकों को बिजली के तार पर बैठने से मना किया, तब बदमाश विवाद करते हुए चाकू मार दिए।

मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। हमले में दोनों कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। एक की अंतड़ी पेट से बाहर निकल आई। दोनों को सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

करंट लगने की आशंका पर बैठने से मना किया था

दरअसल, सप्तमी पर्व पर रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर परिसर भक्तों की भारी भीड़ थी। ज्योति कलश कक्ष के पास लखराम के रहने वाले नवीन गुप्ता ठेकेदार बबलू कश्यप के कहने पर अपने साथी के साथ छत पर बिजली का काम कर रहा था।

उसी समय दो युवक छत पर आकर बैठ गए। मंदिर की सजावट के लिए लगाए गए बिजली तार जगह-जगह फैला था। कर्मचारियों ने करंट लगने की आशंका पर युवकों को नीचे उतरने कहा। इसी बात पर नवीन और उसके साथी के साथ युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट हो गई।

बदमाशों ने चलाया चाकू, पेट से अंतड़ी आई बाहर

इसी बीच बदमाश युवकों चाकू निकाल लिया, जिसके बाद नवीन के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसकी अंतड़ी बाहर आ गई। खून से लथपथ नवीन को देखकर उसका साथी बीच-बचाव करने पहुंचा। तब बदमाशों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों कर्मचारी शोर मचाने लगे।

आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी भी ऊपर पहुंच गए। लेकिन, तब तक आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग गए। दोनों घायल तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

एक दिन पहले सड़क पर चली थी चाकू

सोमवार (29 सितंबर) की रात सड़क पर चाकूबाजी की एक और घटना हुई थी। जहां रतनपुर के रहने वाले 11वीं का छात्र बस स्टैंड के पास गरबा देखने गया था। रात को लौटते समय महामाया चौक के पास कर्रा निवासी बंटी यादव और उसके दोस्तों ने उसे रोक लिया।

मारपीट का आरोप लगाते हुए छात्र की कमर में चाकू से जानलेवा वार कर दिया। खून से लथपथ छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए और फिर थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

रतनपुर का ही रहने वाला है आरोपी

एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि घटना के बाद घायल को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती पूछताछ में उसने कुछ नाम बताए थे। उसी आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी रतनपुर का ही रहने वाला है, जिसे पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।

2 बदमाशों ने दर्शन करने पहुंचे छात्र को मारा चाकू

रतनपुर में देवी दर्शन करने पहुंचे छात्र पर स्पोर्ट्स बाइक में आए दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तखतपुर के ग्राम कुंआ निवासी साहिल सोनवानी 12वीं का छात्र है। 29 सितंबर की शाम 6 बजे दोस्त वरदान मांडले, अंकुश पाटले, अखिलेश लहरे, संतू नवरंग के साथ रतनपुर महामाया मंदिर दर्शन करने गया था।

दर्शन करने के बाद रात साढ़े 11 बजे लौटते समय करैहापारा गेट के पास भगवा रंग की केटीएम बाइक में दो लोग आए। दोनों गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार चाकू से साहिल पर हमला कर दिया।

घटना में छात्र के दाहिने कमर में चोंट आई। वह दोस्तों के साथ छात्र सीधे थाने पहुंच गया। पुलिस ने इलाज कराने के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है