भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का छत्तीसगढ़ के अपने नेताओं से भरोसा उठ चुका है। शायद इसी कारण से प्रदेश में जिला अध्यक्ष बनाने के फैसले दिल्ली से लिए जा रहे हैं और इस काम के लिए कांग्रेस हाईकमान ऑब्जर्वर भेज रहा है।
कांग्रेस धड़ों में बंटी
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में दो या अधिक धड़ों में बंटी हुई नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस पार्टी अलग तरीके से काम कर रही है, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की टीम अलग ढंग से कार्य कर रही है। इसका असर पार्टी की संगठनात्मक ताकत और निर्णय प्रक्रिया पर पड़ रहा है।
आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा नहीं
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि कांग्रेस हाईकमान को कभी भी आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा। शायद इसीलिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को फ्री हैंड नहीं दिया गया और जिला अध्यक्ष बनाने के लिए सीधे ऑब्जर्वर भेजे जा रहे हैं। उनका कहना था कि यह स्थिति कांग्रेस की अंदरूनी कमजोरियों और संगठन में अनुशासन की कमी को उजागर करती है।
मुद्दों के संकटों से जूझ रही कांग्रेस
देवलाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस समय छत्तीसगढ़ में गंभीर मुद्दों और संकटों से जूझ रही है। पार्टी में स्पष्ट नेतृत्व की कमी और निर्णय प्रक्रिया में देरी ने उसे कमजोर स्थिति में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस इसी तरह अंदरूनी कलह में फंसी रही, तो उसके लिए आगामी चुनावों में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है। भाजपा नेताओं के आरोपों पर कांग्रेस का अब तक कोई बयान नहीं आया है।