केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर रहेंगे

Chhattisgarh Crimesकेंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे सिरहासार भवन में बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार की रस्म में शामिल होंगे। इसके बाद लाल बाग मैदान में स्वदेशी मेला कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां आम जनता को संबोधित करेंगे।

बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव के मुताबिक, अमित शाह देश के पहले ऐसे गृहमंत्री हैं, जो बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शिरकत करने यहां आ रहे हैं। हालांकि, इससे पहले तक राज्य के मुख्यमंत्री पहुंचते थे।

इस रस्म में अमित शाह मांझी, चालकी, मेंबर, मेंबरीन समेत अन्य समुदाय से सीधे संवाद करेंगे। उनकी समस्या को सुनेंगे और निराकरण करेंगे।

क्या होता है मुरिया दरबार ?

बस्तर में जब राजशाही का दौर था, उस समय बस्तर दशहरा के बाद राजा लोगों की समस्या सुनने दरबार लगाते थे, इसे ही मुरिया दरबार कहा जाता है।

कमलचंद भंजदेव का कहना है कि, इस मुरिया दरबार में जनता की समस्या सुनी जाती है। समस्याओं का तुरंत निराकरण भी होता है। दरअसल, पहले राजा समस्या सुनकर निराकरण करते थे। लेकिन, अब लोकतांत्रिक व्यवस्था में CM या फिर उनसे बड़े और कोई भी मंत्री, नेता सुन सकते हैं। उनकी समस्या का निवारण कर सकते हैं।

अमित शाह को मुरिया दरबार का निमंत्रण दिया था

बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और उन्हें बस्तर दशहरा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बस्तर सांसद एवं दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने किया। उनके साथ पारंपरिक मांझी-चालकी सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

Exit mobile version