बिलासपुर में तीन सड़कों को रिनोवेट होगा, सड़क निर्माण की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में तीन सड़कों को रिनोवेट होगा। सड़क निर्माण की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत इन परियोजनाओं के लिए 31.82 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

अशोकनगर-बिरकोनी फोरलेन निर्माण पर 16.99 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस रोड का नाम ‘गौरव पथ’ रखा जाएगा। निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 2.1 किलोमीटर फोरलेन रोड, डिवाइडर और नाली का निर्माण होगा।

दो चरणों में होंगे काम

दूसरे चरण में 3 किलोमीटर रोड का चौड़ीकरण कर इसे रतनपुर बाईपास रोड से जोड़ा जाएगा। अरपा किनारे इंदिरा सेतु से रामसेतु तक अटल पथ के निर्माण के लिए 9.73 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। मंगला चौक से आजाद चौक तक सड़क निर्माण पर 5.08 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

50 हजार से अधिक लोगों को होगा फायदा

नई सड़क से करीब 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा। अशोकनगर और बिरकोनी के निवासियों को कोनी, कोनी थाना, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, ओपन यूनिवर्सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

28 करोड़ रुपए की स्वीकृति का इंतजार

नगर निगम के प्रभारी चीफ इंजीनियर राजकुमार मिश्रा के अनुसार, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत कुल 60 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया था। बाकी लगभग 28 करोड़ रुपए की स्वीकृति का इंतजार है।

अटलबिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण जल्द

पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी का बिलासपुर से गहरा नाता रहा है। जनसंघ के जमाने से लेकर भाजपा और एनडीए सरकार में प्रधानमंत्री बनने तक वह कई बार बिलासपुर पहुंचे। उनकी याद को चिरस्थाई बनाने के लिए प्रतिमा स्थापना का निर्णय लिया गया है।

16 अगस्त को हो सकता है प्रतिमा का अनावरण

प्रतिमा का निर्माण अरपा के तटवर्ती नवनिर्मित न्यू रिवर व्यू रोड पर किया जा रहा है। इसके दूसरी ओर अटल पथ का निर्माण चल रहा है। निगम के प्रभारी चीफ इंजीनियर मिश्रा के मुताबिक, प्रतिमा का अनावरण जल्द किया जाएगा। माना जा रहा है कि 16 अगस्त को उनकी पुण्यतिथि के मौके पर प्रतिमा का अनावरण कराया जा सकता है।