छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब के नशे में सड़क पर सो रहे ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब के नशे में सड़क पर सो रहे ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे लैलूंगा अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने रायगढ़ रेफर कर दिया है। घटना लैलूंगा रेंज की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम आमापाली निवासी आनंदराम उरांव (50) रविवार की रात शराब के नशे में घर से करीब 50 मीटर दूर सड़क पर सो गया। देर रात जंगल से निकलकर एक हाथी वहां पहुंचा और अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे आनंदराम जाग गया और किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

जशपुर की ओर से आया

बताया जा रहा है कि, लैलूंगा रेंज के बगुडेगा क्षेत्र में करीब 15-16 हाथी विचरण कर रहे हैं। यह हाथी अकेला जशपुर की ओर से शनिवार को आया था। जिसके बाद वन विभाग उसकी निगरानी कर रही है। वहीं आसपास के गांव में मुनादी भी करा दी गई थी।

तात्कालिक सहायता राशि दी गई

इस मामले में लैलूंगा SDO एमएल सिदार ने बताया कि, घायल ग्रामीण को तात्कालिक सहायता राशि दी गई है। हाथी के हमले से उसके हाथ और पैर में चोट पहुंची है। रात में शराब के नशे में वह रोड पर सोया था। फिलहाल आगे की प्रक्रिया की जा रही है।