छत्तीसगढ़ बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने विधायक, अफसर और शिक्षकों की शिकायत मंत्रियों से की है। कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर मंत्री ने मामले को संज्ञान लेकर जांच कराने और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है। दरअसल, भाजपा कार्यकर्ता और सहयोगी संस्थाओं की समस्याओं का समाधान करने के लिए सीएम विष्णुदेव साय के निर्देश पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ‘सहयोग केंद्र’ चलाया जा रहा है। इस सहयोग केंद्र में मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पिछले दो दिन में दो मंत्रियों ने 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने के निर्देश दिए। बुधवार 8 अक्टूबर को मंत्री केदार कश्यप कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं की शिकायत सुनेंगे और उसका समाधान करेंगे। जनसहयोग केंद्र में आए कार्यकर्ताओं ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि, उनका उद्देश्य केवल समस्या दर्ज कराना नहीं है, बल्कि मंत्रियों से अपेक्षा यह भी है कि जल्द कार्रवाई कर शिकायतों का समाधान किया जाए।
कई शिकायतों में ग्राम स्तर पर विकास कार्यों में बाधा डालने वाले स्थानीय अफसरों और अधिकारियों का नाम लिया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जनसहयोग केंद्र में शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक प्राप्त शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित मंत्रियों ने इसे प्राथमिकता के आधार पर विभागों तक भेजने के निर्देश दिए हैं।