
सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है और ऐसे कई मामलों में सख्त टिप्पणी भी की है। इसके बाद भी सड़कों पर सेलिब्रेशन का सिलसिला जारी है। वहीं अब कांग्रेस ने भाजपा नेता की पत्नी का सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर शेयर किया है।
कांग्रेस ने लिखा- “स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष निज सहायक राजेंद्र दास, जो खुद भाजपा नेता भी हैं, सड़क पर खुलेआम पत्नी का जन्मदिन मना रहे हैं। पटाखों और आतिशबाजी के बीच सड़क को निजी जागीर बना दिया गया। क्या हाईकोर्ट का नियम सिर्फ आम जनता के लिए है? भाजपा नेताओं और उनके सहायकों पर नियम लागू नहीं होता क्या?” कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद- राजेंद्र दास
इस मामले में राजेंद्र दास ने कहा कि कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद है। पहली बात तो चिरमिरी में कोई नेशनल हाईवे की सड़क नहीं है, दूसरी बात की पटाखे सड़क पर नहीं घर के सामने गली में फूटा है। वह भी पटाखे मैं नहीं फोड़ा, यह पटाखे मेरे करीबी फोड़े हैं, केक भी सड़क पर नहीं काटा गया है।
सालों से मंत्री के साथ जुड़े हैं दास
कांग्रेस ने पोस्ट में राजेंद्र दास को भाजपा नेता के साथ विशेष निज सहायक बताया है। दरअसल, राजेंद्र दास कई सालों से मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से जुड़े हैं। सरकारी हलके में उन्हें सुपर मंत्री भी कहा जाता है।
श्याम बिहारी जायसवाल आफिशियल निज सहायक प्रकाश शुक्ला हैं, लेकिन विभाग-अधिकारियों के बीच ज्यादा पैठ राजेंद्र दास की हैं। इस लिहाज से वे चर्चित हैं। MCB जिले के भाजपा नेताओं के अनुसार राजेंद्र दास भाजपा के किसी पद पर नहीं हैं। वे मंत्री से सीधे जुड़े हैं।