बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस ने बस से गांजा तस्करी कर रहे उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस ने बस से गांजा तस्करी कर रहे उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 4.2 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया। यह कार्रवाई 11 अक्टूबर 2025 को वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र में की गई।

पुलिस को 10 अक्टूबर 2025 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोरबा से बनारस जाने वाली शिव शक्ति महिंद्रा बस में दो युवक बैग में गांजा लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस ने नाकाबंदी शुरू की।

पुलिस चौकी के सामने बस से 4.200 किलो गांजा बरामद

रात करीब 12:30 बजे पुलिस चौकी वाड्रफनगर के सामने बस को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस की अपर बर्थ पर बैठे नीतीश चंद (19) और दीपक शर्मा (24) के पास से एक-एक बैग में 2.100-2.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 4.200 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

ओडिशा से गांजा लाकर यूपी में बेचने की फिराक में थे आरोपी

गिरफ्तार आरोपी नीतीश चंद मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश का निवासी है, जबकि दीपक शर्मा सोनभद्र, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से लाए थे और इसे उत्तर प्रदेश में बेचने की फिराक में थे।

दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 188/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें 11 अक्टूबर 2025 को रामानुजगंज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, सहायक उप निरीक्षक पुष्पराज सिंह, रामजीत राम, आरक्षक अंकित जायसवाल, देव कुमार राम गोपाल और सैनिक धीरेन तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version