जांजगीर में डकैती के एक मामले में एनएसयूआई (NSUI) नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता नवीन मारकंडे के एक बयान के बाद कांग्रेस खेमे में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
मारकंडे ने दावा किया था कि आरोपी को विधायक के घर से पिस्तौल के साथ पकड़ा गया था। इस आरोप के बाद कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई।
विधायक बोले- जितेंद्र को झूठे मामले में फंसाया गया
जांजगीर-चांपा के विधायक व्यास कश्यप ने पुलिस कार्रवाई को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र दिनकर को झूठे मामले में फंसाया गया है। विधायक के अनुसार, दिनकर का ‘अपराध’ केवल इतना है कि वह दो साल पहले उस व्यक्ति के साथ गया था जिसने अब गिरफ्तार आरोपियों को पिस्तौल बेची थी।
विधायक व्यास कश्यप ने सिटी कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की है।