भाजपा के सीनियर लीडर और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बिलासपुर में कांग्रेस के वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान को लेकर बड़ा बयान दिया

Chhattisgarh Crimesभाजपा के सीनियर लीडर और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बिलासपुर में कांग्रेस के वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर ले वो पूरी तरह से साफ है, जहां से उनकी यात्रा शुरू हुई है, उसी बिहार में भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की संगठन सृजन अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि यह सृजन नहीं विध्वंस अभियान है, जो कांग्रेस में दिख रहा है। दरअसल सांसद बृजमोहन अग्रवाल मंगलवार (14 अक्टूबर) को बिलासपुर प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की।

वहीं, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर करने के सवाल पर कहा कि न तो बंशी बजेगी और न ही राधा नाचेगी, मतलब साफ है न तो छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी और न ही टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री बनेंगे। जब उनको मौका था, तब तो वो नौ दो ग्यारह हो गए।

जहां शुरू वोट चोर-गद्दी छोड़ यात्रा, वहीं मिलेगी हार

सांसद अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस जितना भी हल्ला कर ले, प्रदेश में भाजपा की विष्णुदेव की सरकार तीन साल चलेगी। अभी चुनाव में तीन साल बाकी है। मोदी को एक साल हुआ है उनकी सरकार 4 साल चलेगी। आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस साफ होने वाली है और मोदी-नीतिश के नेतृत्व में सरकार बनने वाली है।

उमंग सिंघार का बयान सीएम का अपमान है

मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के सीएम पर दिए गए बयान को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री के लिए इस तरह की बातें करना ये उनका अपमान है, भारतीय जनता पार्टी का बहुमत आया है और भाजपा का मुख्यमंत्री है।

कांग्रेस में तो कैसे मुख्यमंत्री बनते हैं, ढाई-ढाई साल के बनते हैं, किसी का नाम तय होता है, लोग जाकर उनका नाम बदलवा देते हैं। भाजपा में तो एक नेता हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं। कांग्रेस में सोनिया कांग्रेस, राहुल कांग्रेस, प्रियंका कांग्रेस और खड़गे कांग्रेस चलता है।

कांग्रेस का सृजन नहीं विध्वंस अभियान

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान चला रही है। लेकिन, यह सृजन नहीं विध्वंस है, जो कांग्रेस में दिखाई दे रहा है। भाजपा के सीनियर नेताओं की उपेक्षा पर उन्होंने कहा कि भाजपा के सीनियर नेताओं को आपत्ति नहीं है तो कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों हो रहा है।

सांय-सांय चल रही है विष्णुदेव सरकार

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार अच्छी चल रही है। विष्णुदेव साय की सरकार सांय-सांय चल रही है। जनता की सेवा कर रही है, मोदी की गारंटी को पूरा कर रही है। प्रदेश में किसानों को 21 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है और 3100 रुपए मिल रहा है।

महतारी वंदन योजना में महिलाओं को एक हजार रुपए महीना मिल रहा है। हर घर नल योजना पहुंच रही है। केंद्र सरकार की सोलर योजना के साथ ही राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वाधिक मकान बनाए जा रहे हैं। बरसात खत्म हो गई है और अब सड़कों का काम होगा।