दुर्ग जिले में दादी पोती का मर्डर करने वाला तीसरा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में दादी पोती का मर्डर करने वाला तीसरा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में है। इससे पहले 2 आरोपी पकड़े गए थे। तीनों ने मिलकर धर घुसकर दादी पोती को धारदार हथियार से मारकर मौत के घाट उतार दिया था। घटना 6 मार्च 2024 की है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, आरोपी का मृतक नाबालिग लड़की से अफेयर था। आरोपी की सगाई हो चुकी थी। जब यह बात नाबालिग लड़की को पता चली तो उसने अपनी सहेलियों से अपने बॉयफ्रेंड और उसके परिवार को बर्बाद कर देने की बात कही थी।

यह बात आरोपी को पता चली तो उसने अफेयर के खुलासा होने के डर से अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी गर्ल फ्रेंड और उसकी दादी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। 18 महीने बाद पुलिस ने इसका खुलासा किया।

मार्च 2024 को मिली थी लाश

ग्राम गनियारी में 06 मार्च 2024 को बुजुर्ग और उसकी नाबालिग पोती का शव घर में खून से लथपथ मिला था। दोनों के शरीर पर धारदार से किए गए कई वारों के निशान थे। मौके की भयावहता देखकर एफएसएल, फिंगर प्रिंट, डॉग स्क्वॉड और सीनियर अधिकारियों की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची थी।

जांच की गंभीरता को देखते हुए SP ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारी और एसीसीयू के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।

62 संदिग्धों से पूछताछ के बाद मिले थे अहम सुराग

टीम ने घटना स्थल पर कैंप लगाकर 62 संदिग्धों से पूछताछ की और उनके आपराधिक रिकार्ड की गहन जांच की। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने अहमदाबाद और रायपुर में कई संदिग्धों का ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट भी कराया।

इन रिपोर्टों के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले। कठोर पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद का वृद्धा के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध था।

अवैध संबंधों के खुलासे का था डर

सगाई के बाद इस रिश्ते के उजागर होने की आशंका से घबराकर उसने अपने दो साथियों पंकज निषाद और मार्शल राजपूत के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। तीनों ने योजनाबद्ध तरीके से रात में घर में घुसकर दादी और पोती पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश भी की गई।