कोरिया जिले के पटना थाने में सरगुजा ACB की टीम ने ASI और PLV को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ASI और PLV ने मोटर व्हीकल एक्ट के मामले में गाड़ी के मालिक से 12 हजार की रिश्वत मांगी थी।
वाहन मालिक ने इसकी शिकायत ACB सरगुजा से की। एंटी करप्शन ब्यूरों की टीम दोनों आरोपियों को लेकर बैकुंठपुर रेस्ट हाउस पहुंची। जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुष्टि होने के बाद ACB ने छापा मारा
जानकारी के मुताबिक, पटना थाने में पदस्थ ASI पोलीकार्प टोप्पो एवं PLV (न्यायालय द्वारा नियुक्त विधिक सलाहकार) राजू ने मोटर व्हीकल एक्ट के मामले में सोरगा के रहने वाले वाहन स्वामी से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
बाद में उनके बीच सौदा 12 हजार रुपए में तय हुआ। लंबे समय से मामले को लेकर परेशान वाहन स्वामी ने इसकी शिकायत सरगुजा ACB से की थी। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर सरगुजा ACB की टीम शुक्रवार (17 अक्टूबर) को पटना पहुंची।
थाने में ACB की टीम का छापा
टीम ने केमिकल लगे 12 हजार रुपए के नोट देकर प्रार्थी को थाने में भेजा। प्रार्थी ने रिश्वत देने के बाद इशारा किया तो ACB के टीआई शरद सिंह की टीम ने थाने में पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई है।
ACB की टीम ने दोनों को हिरासत में लिया। आगे की कार्रवाई के लिए बैकुंठपुर रेस्ट हाउस लेकर पहुंची है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ACB के TI ने बताया कि कार्रवाई के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।