बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में एक 72 साल के बुजुर्ग पिछले 4 दिनों से लापता

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर जिले के रामानुजगंज में एक 72 साल के बुजुर्ग पिछले 4 दिनों से लापता है। मोहम्मद कलामुद्दीन वाड्रफनगर के रहने वाले है। 15 अक्टूबर को वे विजय बस से रामानुजगंज आ रहे थे। दोपहर 2 बजे बस में सवार हुए कलामुद्दीन करीब 4 बजे जनपद पंचायत कार्यालय के सामने उतरे थे। उन्हें गोदरमाना स्थित अपने छोटे बेटे के घर जाना था, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। लापता होने के तीसरे दिन पलटन घाट पर उनका गमछा, चश्मा और चप्पल बरामद हुआ है। इन सामानों के मिलने के बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई है।

 

पलटन घाट पर डेरा डाले परिजन

 

परिजनों ने अगले ही दिन रामानुजगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीते चार दिनों से परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं और पलटन घाट पर डेरा डाले हुए हैं।

 

उनके बेटे इम्तियाज़ खान और मुस्ताक ने प्रशासन से गोताखोरों की मदद की गुहार लगाई है। उनका मानना है कि संभवतः वे नदी के पास गए होंगे और किसी हादसे का शिकार हो गए हों।

 

SP ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

 

SP वैभव बैंकर ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है और वे प्रशासन से सक्रियता की उम्मीद कर रहे हैं।