दिवाली के त्योहार के बीच छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी जारी

Chhattisgarh Crimesदिवाली के त्योहार के बीच छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी जारी है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने रविवार को कांग्रेस और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दीपक बैज में परिपक्वता नहीं है। कांग्रेस संगठन का काम ‘सांप पटाखा’ जैसा है।

उन्होंने आगे कहा कि, दीवाली का पर्व है, मां लक्ष्मी और भगवान धनवंतरी की पूजा करें। कांग्रेस किसी की तुलना पटाखे से न करे, क्योंकि अगर बम फट गया तो आंखें चौंधिया जाएंगी।

कांग्रेस का पलटवार

इस पर कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, पुरंदर मिश्रा को बीजेपी के अपने बमों का अध्ययन करना चाहिए। शुक्ला ने कहा कि, बीजेपी में बहुत सारे पटाखा-बम हैं।

स्वास्थ्य मंत्री पटाखा बम हैं, सारे अस्पतालों की स्थिति दयनीय है। तेज आवाज करने वाले बड़बोला बम हैं, यानी गृहमंत्री, जो कानून-व्यवस्था संभाल नहीं पाते। वहीं मंत्री ओपी चौधरी लक्ष्मी बम हैं, जहां भी हाथ मारेंगे, वहां से लक्ष्मी आएगी।

बिहार चुनाव पर टिप्पणी

वहीं, भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने बिहार चुनाव को लेकर भी कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिहार का चुनाव महत्वपूर्ण है। वहां नीतीश कुमार जैसे अनुभवी नेता हैं, जबकि कांग्रेस के 8वीं फेल नेता चुनाव लड़ रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार इस चुनाव को दिलचस्प बनाएंगे और कांग्रेस के नेता वहां जाकर क्या करेंगे, इसके लिए उन्होंने उन्हें चुनौती दी।