‘नो फ्लैक्स जोन’ में अपना पोस्टर देखकर भड़कीं महापौर

Chhattisgarh Crimesकुछ दिन पहले ही महापौर मीनल चौबे ने रायपुर शहर के कुछ हिस्सों को ‘नो फ्लैक्स जोन’ घोषित किया था, लेकिन महापौर के आदेश को ताक पर रखकर उन्हीं का पोस्टर लगा दिया गया, आज जब महापौर मीनल चौबे तमाम अधिकारियों के साथ शहर की सफाई व्यवस्था देखने निकलीं, तो ‘नो फ्लैक्स जोन’ में लगे अपने ही पोस्टर को देखकर नाराज हो गईं, और अपनी मौजूदगी में ही सारे पोस्टर निकलवाए।

पोस्टर हटवाए, फ्लैक्स फ्री जोन का आदेश

निरीक्षण के दौरान महापौर मीनल चौबे ने GE रोड पर जन्मदिन की शुभकामनाओं वाले अपने ही पोस्टर देखकर टीम प्रहरी को बुलाया और खुद के पोस्टर तुरंत हटवाए। उन्होंने कहा कि GE रोड को फ्लैक्स फ्री जोन बनाना है, इसके लिए रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से लेकर तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक लगे सभी पोस्टर-बैनर हटवाए जाएं।

बाजारों से अतिक्रमण हटेगा, ताकि आवागमन न रुके

महापौर और आयुक्त ने निर्देश दिया कि मुख्य बाजारों और मार्गों से दीपावली से पहले और बाद में अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को बाजारों में आने-जाने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा, “त्योहारी सीजन में ट्रैफिक और भीड़ ज्यादा होती है, ऐसे में बाजारों को व्यवस्थित और सुगम बनाना ज़रूरी है।

दीपावली से पहले राजधानी रायपुर में नगर निगम ने सफाई और अतिक्रमण हटाने की मुहिम को और तेज कर दिया है। सोमवार को महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने निगम अधिकारियों के साथ GE रोड पर सफाई व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण किया।

तेलीबांधा से टाटीबंध तक नो फ्लैक्स जोन घोषित

राजधानी रायपुर में सौंदर्यीकरण और अव्यवस्थित विज्ञापन व्यवस्था पर लगाम लगाने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। तेलीबांधा चौक से टाटीबंध चौक तक के क्षेत्र को ‘नो फ्लैक्स जोन’ घोषित किया है। इस पूरे मार्ग पर अब किसी भी प्रकार के फ्लैक्स, होर्डिंग या विज्ञापन बोर्ड लगाना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

नगरीय नियोजन और भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा और निगम आयुक्त विश्वदीप के मार्गदर्शन में किया गया। निगम की टीम ने इस रूट पर मौजूद सभी अव्यवस्थित फ्लैक्स, बैनर और विज्ञापन बोर्ड हटवाते हुए डिवाइडर पर ‘नो फ्लैक्स जोन’ के स्टीकर लगाए।

नो फ्लैक्स जोन में अब नहीं लग सकेंगे विज्ञापन बोर्ड

नगर निवेश विभाग का कहना है कि यह निर्णय शहर की सौंदर्यता बनाए रखने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुधारने की दिशा में लिया गया है। डिवाइडर पर लगे अनधिकृत विज्ञापन की वजह से ट्रैफिक भी प्रभावित हो रहा था। अब इन क्षेत्रों में केवल हरियाली, पौधरोपण और साफ-सुथरी संरचना नजर आएगी।

नगर निगम की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि अब किसी ने नो फ्लैक्स जोन में विज्ञापन लगाने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।