छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गौ तस्कर मनसूर खान को झारखंड से गिरफ्तार किया है। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत सोमवार शाम उसे गुमला जिले के बरगीडांड़ से अरेस्ट किया है। आरोपी मनसूर पिछले 11 महीने से फरार चल रहा था।
पिछले साल 7 अगस्त को लोदाम थाना क्षेत्र के साईंटांगरटोली में पुलिस को गौ-तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने ड्रोन से निगरानी कर 10 आरोपियों को पकड़ा था। इस कार्रवाई में 32 गोवंश, 9 पिकअप, 4 कार और 5 बाइक जब्त की गई थी।
अंधेरे का फायदा उठाकर हो गया था फरार
जबकि मनसूर खान और कुछ अन्य आरोपी अंधेरे में भागने में सफल रहे थे। पुलिस ने मनसूर के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
घर में दबिश देकर किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस तीन अन्य फरार आरोपियों जुनैद आलम, सुहैल खान और चरकू उर्फ सरफराज को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बरगीडांड़ स्थित मनसूर के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार किया।
1100 से अधिक गोवंशों को तस्करों से मुक्त करा चुकी है पुलिस
एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस अब तक 1100 से अधिक गोवंशों को तस्करों से मुक्त करा चुकी है। साथ ही 128 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।