कोरिया जिले के बड़े साल्ही गांव में ससुराल में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दामाद एवं उसके दो सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesकोरिया जिले के बड़े साल्ही गांव में ससुराल में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दामाद एवं उसके दो सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दामाद द्वारा आग लगाए जाने से गंभीर रूप से झुलसे ससुर की मौके पर एवं सास की दूसरे दिन रायपुर ले जाते समय मौत हो गई थी। पत्नी द्वारा सामान के साथ मायके आ जाने से युवक नाराज था। उसने पहले अपने साले पर भी गोली चलाई थी। आरोपी के कब्जे से कट्टा और 7 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर की देर रात बड़े साल्ही निवासी रायराम केंवट (60 वर्ष) के घर नकाब पहनकर घुसे दो युवकों ने पेट्रोल डाला और बाहर निकलकर पेट्रोल बम घर में फेंक दिया। घर में आग लगने एवं विस्फोट से रायराम की मौके पर मौत हो गई, वहीं दूसरे कमरे में सो रही उसकी पत्नी पार्वती (59 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गई थी। हादसे के बाद पार्वती को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल से रेफर कर दिया था। रायपुर ले जाने के दौरान दूसरे दिन उसकी भी मौत हो गई थी।

दामाद ने दिया घटना को अंजाम गंभीर रूप से झुलसी पार्वती केंवट ने मृत्यु पूर्व बयान में बताया था कि दो युवक उसके घर में नकाबपोश पहनकर घुसे थे, जिनमें से एक उसका दामाद सुरेश ठाकुर, निवासी कानपुर, यूपी था। घटना के बाद फरार दामाद एवं सहयोगियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

कोरिया पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सुरेश ठाकुर (38 वर्ष) बिलासपुर से आने वाली बस में बैठकर आ रहा है। उसे रतनपुर एवं कटघोरा के बीच में बिलासपुर एवं रतनपुर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया। सुरेश ठाकुर के साथ आगजनी की घटना में शामिल आरोपी प्रदीप बैरागी (25 वर्ष) निवासी मंडला, मध्यप्रदेश और सहयोगी सहदेव (37 वर्ष) निवासी खड़गवां को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अब जानिए विवाद की पूरी कहानी दरअसल, उत्तरप्रदेश का रहने वाला सुरेश ठाकुर पहले खड़गवां में रहकर ट्रक चलता था। इस दौरान सुरेश ठाकुर का प्रेम संबंध राय राम की बेटी जीनी से हो गया था। 10 साल पहले दोनों ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की। शादी के बाद उनके 2 बच्चे भी हुए।

इसके बाद सुरेश और जीनी खड़गवां में रहने लगे थे। कुछ समय बाद वह यूपी चले गए, जहां सुरेश ठाकुर की एक और पत्नी थी। इसे लेकर जीनी और सुरेश में विवाद होने लगा। करीब 6 महीने पहले जीनी अपने बच्चों के साथ वापस मायके लौट आई।

जीनी ससुराल से अलमारी एवं मंहगे सामान भी साथ ले आई थी। इसके बाद दामाद सुरेश सिंह अपने ससुराल से 10 लाख रुपये मांग रहा था। उसने चार माह पहले भी ससुराल में आकर हंगामा किया था और साले पर गोली चला दी थी।

17 लीटर पेट्रोल लेकर पहुंचा था आरोपी कोरिया एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि घटना की रात सुरेश ठाकुर अपने साथी प्रदीप बैरागी के साथ बाइक में सवार होकर बड़े साल्ही पहुंचा था। उसने पेट्रोल पंप से जरिकन में 17 लीटर पेट्रोल खरीदा।

सुरेश ठाकुर जब के ससुराल में दरवाजा नहीं लगे होने के कारण वह आसानी से अंदर चला गया एवं ससुर के उपर उसने पेट्रोल डाल दिया। उसने बाहर आकर आग लगा दी थी।

एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि आरोपी दामाद सुरेश ठाकुर काफी शातिर है। वह हमेशा अपना मोबाइल बंद रखता था एवं दूसरे के मोबाइल से लोगों को काल करता था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि उसकी दोस्ती ठगगांव निवासी सहदेव सूर्यवंशी से है तो पुलिस ने उसे पकड़ा। सहदेव के पास एक कट्टा एवं 7 कारतूस मिले जो सुरेश ठाकुर ने दिए थे।

सहदेव से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुरेश ठाकुर को ट्रेस किया। उसका लोकेशन नागपुर, महाराष्ट्र में मिला। कोरिया पुलिस की टीम नागपुर पहुंची तो वह वहां से रवाना हो चुका था। पुलिस ने लगातार उसे ट्रेस किया और उसे बस में सवार होकर बिलासपुर से आने के दौरान रतनपुर के थाना प्रभारी संजय राजपूत की टीम के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।