 बलरामपुर जिले के डुमरखी गांव में बुधवार रात जुए के विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। 38 वर्षीय अनिल यादव पर सात से आठ बार चाकू से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हमले का आरोप प्रदीप पैकरा पर है।
बलरामपुर जिले के डुमरखी गांव में बुधवार रात जुए के विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। 38 वर्षीय अनिल यादव पर सात से आठ बार चाकू से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हमले का आरोप प्रदीप पैकरा पर है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अनिल यादव को तत्काल जिला चिकित्सालय बलरामपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल युवक का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को पकड़ा
बलरामपुर पुलिस ने आपसी विवाद के दौरान हत्या के प्रयास के एक आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरखी का है। जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2025 को ग्राम डुमरखी निवासी अनिल यादव और प्रदीप पैकरा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर प्रदीप पैकरा (60 वर्ष) ने अनिल यादव पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में अनिल यादव के सीने सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय बलरामपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही थाना बलरामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से रातभर छापेमारी अभियान चलाया और आरोपी प्रदीप पैकरा को 23 अक्टूबर की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 147/2025, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।