बिलासपुर में गाड़ी में तोड़फोड़ करने से मना करने पर युवक और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट कर हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे एक युवक का सिर फट गया है। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
मंगला चौक स्थित मिनोचा कॉलोनी निवासी अजय विश्वकर्मा ने रिपोर्ट कराई। रिपोर्ट के अनुसार दिवाली के समय कुछ युवकों ने अजय की गाड़ी के शीट कवर पर ब्लेड मार दिया था। इसके बाद अजय ने उन युवकों पर नजर रखना शुरू किया। इस दौरान पता चला कि पड़ोस का एक नाबालिग और उसके दोस्तों ने मिलकर गाड़ी में तोड़फोड़ की थी।
हवा खोलते और तोड़फोड़ करते पकड़ा फिर हुआ विवाद अजय के भाई ने मोहल्ले के एक युवक को गाड़ी के पहियों की हवा निकालते और तोड़फोड़ करते हुए पकड़ लिया। जब उन्होंने युवक को रोकने की कोशिश की, तो युवक ने विवाद शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उसके घर के लोग भी मौके पर आ गए और मिलकर अजय और उसके भाई पर हमला कर दिया। इस दौरान किसी ने हथौड़ी से अजय के सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया।
पहले भी की है गुंडागर्दी, मोहल्ले के लोग रहते हैं परेशान अजय के अनुसार, नाबालिग लड़का पहले भी इसी तरह बदमाशी करता रहा है। लोगों के रोकने पर भी वह गुंडागर्दी करता है। आए दिन की उसकी हरकतों से लोग परेशान हैं। उसकी हरकतों का विरोध करने पर ही उसने मारपीट की। आरोप है कि उसके परिवार के लोग उसका साथ देते हैं, जिससे उसका हौसला बढ़ गया है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।