आज से मौसम ड्राई…2° तक गिरेगा पारा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में आज से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट हो सकती है और अगले दो दिनों में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है।

राज्य में चक्रवात मोन्था का प्रभाव अब खत्म हो गया है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। फिलहाल, मौसम विभाग ने किसी जिले के लिए विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को अम्बिकापुर का तापमान 19 डिग्री था, यानी एक ही दिन में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

बारिश थमी, ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा

बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं। पिछल 24 घंटों में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी को छोड़कर अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में शुष्क और ठंडी हवा का प्रभाव बढ़ेगा। इससे रात का तापमान गिर सकता है और ठंड बढ़ेगी।

कवर्धा में धान की फसल को नुकसान

इससे पहले प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में चक्रवात मोन्था के कारण रायपुर, कवर्धा, बिलासपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में बारिश हुई। शुक्रवार को कवर्धा में पानी बरसा, जिससे खेतों में पहले से कटी हुई फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई। नुकसान देखकर किसान खेत में ही टूट गया और गिर पड़ा।

वहीं बस्तर में भी कहीं खड़ी फसल झुक गई तो कहीं कट चुके धान की बोरियां और ढेर खेतों में भीग कर सड़ने लगे हैं।