बृहस्पति सिंह बोले-जिलाध्यक्ष बनाने 5-7 लाख मांग रही सह-प्रभारी जरिता

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नई सूची अभी नहीं आई है, लेकिन हर दिन नए विवाद सामने आ रहे हैं। अब कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष बनाने के नाम पर दावेदारों से सह प्रभारी 5 से 7 लाख रुपए तक की रिश्वत मांग रही है।

बृहस्पति सिंह का कहना है कि, बलरामपुर, बैकुंठपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और जशपुर जिलों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। दावेदारों को एक नंबर से कॉल आ रहे हैं। जिसमें खुद को जरिता मैडम का पीए बताकर कहा जाता है कि जरिता जी बात करेंगी, फिर एक महिला की आवाज में ‘5 से 7 लाख दो, जिलाध्यक्ष बना देंगे’ जैसी बातें कही जा रही हैं।

बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस की पूर्व छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा पर भी बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा टिकट बांटने के वक्त भी शैलजा ने कई प्रत्याशियों से पैसे वसूले थे। शैलजा की वजह से छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमजोर हुई और अब वही सिलसिला फिर दोहराया जा रहा है।

इन आरोपों पर जरिता लैतफलांग ने “नो कमेंट” कहकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बृहस्पति सिंह के आरोप पूरी तरह निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। वहीं अंबिकापुर कोतवाली थाने में कांग्रेसियों ने बृहस्पति सिंह पर मानहानि केस में FIR करने आवेदन सौंपा है।

Exit mobile version