छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को भाजपा की यूनिटी मार्च में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के सामने बेलतरा से बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला और संगठन के प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय के बीच जमकर विवाद हुआ

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को भाजपा की यूनिटी मार्च में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के सामने बेलतरा से बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला और संगठन के प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय के बीच जमकर विवाद हुआ। सुशांत शुक्ला और हर्षिता पांडेय एक-दूसरे को देख लेने की बात कहते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक दोनों नेता यूनिटी मार्च में फर्स्ट लाइन पर चलने को लेकर विवाद कर रहे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और समर्थक उन्हें शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन दोनों के बीच बहसबाजी होती रही। हालांकि बीजेपी के सीनियर विधायक धरमलाल कौशिक के समझाने के बाद शांत हुए।

वहीं इन सबके बीच यूनिटी मार्च के दौरान एक बीजेपी कार्यकर्ता हर्षिता पांडेय की बांह पकड़कर खींचते भी नजर आ रहा है, जो उनके कान में कुछ कहता दिख रहा है। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

विवाद को लेकर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के अंदरूनी खाने में जो लड़ाई चल रही है, निपटो निपटाओ का खेल चल रहा है। वहीं बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति भाजपा में नहीं है। पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह से पूछिए। इसके बाद हमें जवाब देने की जरूरत नहीं है।

अब जानिए किस कार्यक्रम में विवाद ?

दरअसल, मंगलवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बिलासपुर में ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ ही भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत तिफरा स्थित मां काली मंदिर परिसर से हुई, जहां केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक अमर अग्रवाल ने माता काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर यूनिटी मार्च का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी नेता यूनिटी मार्च में पैदल चलने लगे। यह पैदल मार्च नेहरू चौक पर खत्म हुआ। इसके बाद सभी नेताओं ने एकता का संकल्प लिया।

Exit mobile version