छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) की लाश कमरे में मिली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) की लाश कमरे में मिली है। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि, मुझे माफ कर देना भैया। युवक बिहार के भागलपुर का रहने वाला था। पुलिस को शक है कि उसने जहर पीकर आत्महत्या की है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार कुणाल कुमार राय (29) उसलापुर साईं विहार में किराए के मकान में रहता था। वह मूलत: बिहार के भागलपुर भोजपुर का रहने वाला था। यहां रहकर वो एक फार्मा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था। वो रोज सुबह 10 बजे ड्यूटी पर निकल जाता था, लेकिन सोमवार को वह घर से बाहर नहीं निकला।

कमरे में बिस्तर पर पड़ी मिली लाश

दोपहर तक पड़ोसी उसे नहीं देख पाए। करीब दोपहर 3.30 बजे मकान मालिक वहां पहुंचा। पड़ोसी युवक ने मकान मालिक को बताया कि वह सुबह से बाहर नहीं निकला है। उसके कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। जब पड़ोसी और मकान मालिक अंदर गए तो कुणाल बिस्तर पर पड़ा मिला।

पुलिस ने बरामद किया सुसाइड नोट

अनहोनी की आशंका पर मकान मालिक ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान कुणाल मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ा था। उसके कमरे की तलाशी के दौरान उन्हें सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था- मुझे माफ कर देना भैया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर सिम्स मरच्यूरी में रखवाया है। मृतक के परिजन को सूचना दे दी गई है।

आज पहुंचेंगे परिजन, तब होगा शव का पीएम

इस मामले में सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि मृतक के परिजन सुबह तक बिलासपुर पहुंच जाएंगे। उनकी मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्पष्ट वजह सामने आएगी। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।