सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से चार माह पूर्व लापता 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी का चार माह बाद कंकाल बतौली थाना क्षेत्र के जंगल में मिला

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से चार माह पूर्व लापता 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी का चार माह बाद कंकाल बतौली थाना क्षेत्र के जंगल में मिला है। पुलिस ने मामले में किशोरी के नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को जंगल में गड्ढे में दबाने की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी का कंकाल बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर थाना क्षेत्र के रमकोला थाना क्षेत्र की किशोरी संगीता रजक (16 वर्ष) अंबिकापुर के पटपरिया में सहेलियों के साथ रहकर काम करती थी। 04 अगस्त 2025 को वह अपने किराए के कमरे से निकली और वापस नहीं पहुंची। जब उसका पता नहीं चला तो सहेलियों ने सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई थी।

चार माह बाद मिला कंकाल गुमशुदा किशोरी की खोजबीन में जुटी पुलिस को उसकी सहेलियों ने जानकारी दी कि संगीता रजक का प्रेम संबंध लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के एक नाबालिग युवक के साथ था एवं दोनों के बीच अकसर बातचीत होती थी। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रेमी ने संगीता रजक की बतौली थाना क्षेत्र के चिरगा जंगल में हत्या करने एवं शव को दफन करने की जानकारी दी।

घटना की सूचना पर पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। न्यायिक मजिस्ट्रेट बतौली तहसीलदार, सीतापुर एसडीओपी सहित फारेंसिक एक्सपर्ट एवं डॉक्टर की टीम के समक्ष पुलिस ने गड्ढे में दबाए गए स्थल की खुदाई कराई। गड्ढे से लापता किशोरी का कंकाल बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने किशोरी के नरकंकाल का सैंपल लिया है। हड्डियों का पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी। शव के पास उसका बैग भी दबा हुआ मिला, जिसमें किशोरी की दो जिंस एवं कपड़े मिले हैं। कपड़ों से किशोरी की पहचान उसकी मां एवं सहेलियों ने की है।

शादी समारोह में मिले, बना प्रेम संबंध पुलिस पूछताछ में पता चला कि संगीता रजक के पिता रामजीत रजक की पूर्व में मौत हो चुकी थी। वह अपनी मां एवं भाई के साथ रहती थी। कुछ समय पहले एक शादी समारोह में उसकी पहचान लुण्ड्रा के ससौली निवासी नाबालिग से हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबर शेयर किया था।

संगीता रजक एवं नाबालिग किशोर की फोन पर बात होती थी एवं दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी थे। कुछ दिनों से संगीता रजक अंबिकापुर आ गई थी एवं सहेलियों के साथ किराए के मकान में रहकर काम करती थी।

शादी का दबाव डाला तो दी मौत गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि पुलिस पूछताछ में नाबालिग प्रेमी ने बताया कि संगीता रजक उसपर शादी का दबाव डाल रही थी। प्रेमी दूसरी जाति का है। उसने प्रेमी से कहा कि वह उसके घर रहने के लिए आ रही है। इसके बाद प्रेमी ने उसकी हत्या की साजिश रची।

03 अगस्त को नाबालिग प्रेमी बाइक लेकर अंबिकापुर पहुंचा और वह संगीता रजक से मिला। दूसरे दिन अपनी बाइक में बैठाकर संगीता रजक को घुमाने के बहाने वह बतौली क्षेत्र के चिरगा जंगल में ले आया। यहां उसने संगीता रजक के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। जब वह गिर गई तो उसने संगीता का गला दबा दिया। जब उसकी मौत हो गई तो उसने शव को गड्ढे में डालकर उपर से पत्थरों से डेड बाडी को ढंक दिया। उसका बैग भी शव के पास पत्थरों के नीचे दबा दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त होने के बावजूद उसका DNA टेस्ट कराया जाएगा।

Exit mobile version