
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर चौकी क्षेत्र में रहने वाला अनिल अनंत अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने सीतामढ़ी मेन रोड पर सरस्वती शिशु मंदिर के पास गाड़ी को रोका और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। दो बाइक सवार युवकों ने स्कॉर्पियो को रुकवाया और गाड़ी पर बेल्ट से हमला करना शुरू कर दिया। अनिल अनंत ने दरवाजा नहीं खोला, लेकिन कुछ लोगों ने जबरदस्ती दरवाजा खोलकर बेल्ट से उसकी पिटाई की
युवकों का बेल्ट से हमला किया
अनिल अनंत लगातार विरोध करता रहा, लेकिन युवकों ने उसे गालियां देते हुए बेल्ट से पीटना जारी रखा। घटना के समय कार में अनिल के परिवार के तीन से चार सदस्य भी मौजूद थे। मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद किसी शख्स ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज
पीड़ित अनिल अनंत की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि अनिल अनंत की शिकायत के आधार पर बंदे विश्वकर्मा, अजय कुंभकार, सोनू दास सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मारपीट करने वाले युवक सीतामढ़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस युवकों के घरों और उनके दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।