रायपुर में देर रात पेट्रोल पंप के मैनेजर की 2 बदमाशों ने लूट के बाद हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesरायपुर में देर रात पेट्रोल पंप के मैनेजर की 2 बदमाशों ने लूट के बाद हत्या कर दी। बदमाश पेट्रोल डलवाने के बाद मैनेजर से पैसे छीनने लगे। जब मैनेजर ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। चाकू मैनेजर के गले के पास लगा। जिससे वो बुरी तरह लहूलुहान होकर घायल हो गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। बदमाश फरार हो गए।

यह पूरा मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है। पेट्रोल पंप में मौजूद बाकी दो कर्मचारियों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद आरोपियों की खोजबीन शुरू की गई। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों को करीब 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का नाम योगेश मिरी (26) हैं। वह गुजर का निवासी था।

पेट्रोल पंप में चिल्लर को लेकर विवाद

मंदिर हसौद के ग्राम उमरिया में स्थित एक पेट्रोल पंप में आरोपी समीर टंडन (21) और कुनाल तिवारी (24) निवासी अभनपुर बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। दोनों ने 50 रुपए का पेट्रोल भरवाया और 200 रुपए का नोट दिया, लेकिन चिल्हर को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी समीर टंडन ने पेट्रोल पंप कर्मचारी अनिल गायकवाड़ (22) पर चाकू से वार कर दिया। उसके हाथ से कैश लूट ली।

बचाने आए दूसरे कर्मचारी की मौत

हमले की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप का दूसरा कर्मचारी योगेश मिरी (26) बाहर आया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन दोनों ने उस पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घायल अवस्था में योगेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, अनिल गायकवाड़ का इलाज चल रहा है।

सीसीटीवी की मदद से आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई। मौके और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों को कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से चाकू और बाइक बरामद की गई है।