भिलाई के शंकराचार्य यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों के बीच घूरने को लेकर विवाद हो गया

Chhattisgarh Crimesभिलाई के शंकराचार्य यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों के बीच घूरने को लेकर विवाद हो गया। यूनिवर्सिटी के एनुअल प्रोग्राम के दौरान मंच के पास हुई बहस इतनी बढ़ गई कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के छात्र आपस में भिड़ गए।

देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई और छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाना शुरू कर दिया। यूनिवर्सिटी प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर छात्रों को अलग किया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने के बाद दोनों गुटों के छात्र स्मृति नगर थाने के पास फिर से आमने-सामने आ गए और वहां भी मारपीट करने लगे। घटना में कई छात्रों को चोटें आईं। मामला स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

घूरने पर विवाद

दरअसल, एनुअल प्रोग्राम के दौरान घूरने को लेकर छात्रों के दो गुटों के विवाद हो गया। जो कि हाथापाई में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी छात्रों को वहां से हटाया। लेकिन वे दोबारा भिड़ गए।

मारपीट में छात्र ईशान चंद्रवंशी को चोटें आई हैं। हालांकि, पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया और छात्रों को थाने लाया और पूछताछ शुरू की। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी के एनुअल फंक्शन के दौरान छात्रों में विवाद हुआ था, जो बाद में थाने के सामने तक पहुंच गया।

एक छात्र को आईं चोटें

उन्होंने बताया कि घटना में छात्र ईशान चंद्रवंशी को चोटें आई हैं। उसकी शिकायत पर पुलिस ने आदित्य गिरी और अन्य छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दो छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

आदित्य गिरी और साथियों पर केस दर्ज

स्मृति नगर पुलिस चौकी प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू ने बताया कि शंकराचार्य यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम था। कार्यक्रम के दौरान ही छात्र आपस में भिड़ गए। एक दूसरे को घूरने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। ईशान चंद्रवंशी की शिकायत पर आदित्य गिरी और उनके साथियों पर मामला दर्ज किया गया है।