छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में लगातार तापमान में गिरावट देखी जा रही है। यही कारण है कि पिछले 2 दिनों में 3 डिग्री तापमान गिरा है, इससे ठंड और बढ़ गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
नवंबर महीने के दूसरे हफ्ते से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है और तेज ठंड शुरू हो चुकी है। सुबह हल्की ठंडी हवाएं चल रही थी। गाड़ियों में ओस की बूंदें दिखने लगी है। तेज ठंड का एहसास होने लगा है।
दोपहर में तेज धूप निकलने से ठंड से राहत थी, लेकिन शाम ढलते ही फिर ठंड का असर तेज हो गया। यही नहीं कुछ जगह ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा भी लिया। साथ ही गरम कपड़ों का इस्तेमाल कर ठंड से बचाव का उपाय कर रहे हैं।
सावधानी बरतने की जरूरत
डॉ नीरज मिश्रा ने बताया कि मौसम में बदलाव का असर अब देखने मिल रहा है। ठंड बढ़ने से इसका असर खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक होता है। बच्चे सर्दी-खांसी जैसी बीमारियों का भी शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे मौसम में छोटे बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखना चाहिए। गरम कपड़ों के साथ रात में हल्दी डालकर गरम दूध और गुनगुना पानी के अलावा काढ़ा व च्यवनप्राश का सेवन करना चाहिए।
1 डिग्री तापमान में वृद्धि का अनुमान
मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार अभी तापमान 16 नवंबर तक 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 17 नवंबर से तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। आसमान साफ रहेंगे और आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखा जाएगा।