जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित कन्याशाला सब्जी बाजार में 15 नवंबर की दोपहर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर घुस गया। इस हादसे में सब्जी व्यवसायी अमजद अंसारी का 13 साल का बेटा अयान अंसारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। ट्रैक्टर ने बालक को अपनी चपेट में ले लिया और वह गाड़ी के नीचे आ गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर बालक को घसीटते हुए आगे बढ़ा और कन्याशाला की बाउंड्रीवाल तोड़कर स्कूल परिसर के अंदर जा फंसा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत बच्चे को ट्रैक्टर के नीचे से निकालने में जुट गए।
अयान के पैरों में आई गंभीर चोटें
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अयान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे होलीक्रॉस अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अयान के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ट्रैक्टर छोड़कर भागा ड्राइवर
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
सख्त नियम लागू करने की मांग
स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि यह हादसा कुछ देर बाद होता, जब बाजार में अधिक भीड़ होती, तो जनहानि की आशंका कई गुना बढ़ सकती थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में गति नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग की है।